नई दिल्ली। दिल्ली-हैदराबाद की स्पाइस जेट की उड़ान में महिला क्रू मेंबर से बदसलूकी करने वाले आरोपी अबसार आलम को गिरफ्तार किया गया है। स्पाइस जेट सिक्योरिटी ने इसकी शिकायत पुलिस से की थी। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में केस भी दर्ज किया है।
स्पाइसजेट की ओर से बताया गया था कि घटना 23 जनवरी की थी। स्पाइसजेट के वेट-लीज्ड कोरेंडन का विमान (SG-8133) दिल्ली से हैदराबाद जा रहा था। यात्री ने कथित तौर पर महिला क्रू मेंबर के साथ बदसलूकी की थी। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में यात्री महिला क्रू मेंबर पर चिल्लाता हुआ दिख रहा है। मामले में क्रू मेंबर्स ने PIC और सुरक्षा कर्मचारियों को सूचित किया। यात्री और उसके साथी को उतार कर सुरक्षा दल को सौंप दिया गया था। इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।