बॉलीवुड की आईकॉनिक फिल्म ‘शोले’ में बसंती के प्यार के लिए वीरू टावर पर चढ़ता है। पूरा गांव उस टावर से नीचे उतारने में जुट जाता है। बंसती भी आती है। लेकिन केरल के तटीय इलाके अलप्पुझा के शहर कायमकुलम में एक महिला अपने बच्चे को साथ रखने के लिए टावर पर चढ़ गई। इसके बाद वहां पर जमकर तमाशा हुआ।
महिला बीएसएनएल के टावर पर चढ़कर सुसाइड की धमकी देने लगी। असल में महिला का पति उसके बच्चे को अपने साथ ले गया था। महिला इस बात से नाराज थी और अपने बच्चे को वापस मांग रही थी। टावर पर चढ़ने के दौरान वो बार-बार कह रही थी, बच्चा वापस दो, वरना मैं टावर से कूद जाऊंगी।
मधुमक्खियों के आंतक से महिला टावर से उतरी
टावर पर चढ़ने के दौरान महिला ने मधुमक्खियों के एक छत्ते को डिस्टर्ब कर दिया। इसकी वजह से मधुमक्खियों ने महिला को चारों तरफ से घेर लिया और काट भी लिया। मधुमक्खियों के हमले घबराकर महिला टावर से नीचे उतरने लगी। जैसे ही वह जमीन के पास पहुंची, वह दमकलकर्मियों के फैलाए सुरक्षा जाल पर कूद गई।
पुलिस ने माना मधुमक्खियों की वजह से बची जान
महिला को टावर से उतरने के लिए पुलिस और दमकलकर्मियों ने काफी कोशिश की लेकिन वो असफल रहे। महिला उनकी बात सुनने को तैयार ही नहीं थी। लेकिन जब मधुमक्खियों ने महिला को काटना शुरू किया तो वो नीचे उतर आई। अधिकारियों का कहना है कि मधुमक्खियों के हमले ने उसकी जान बचाई। वरना तो वो सुनने को तैयार ही नहीं थी। फिलहाल महिला अस्पताल में है और उसकी हालत नॉर्मल है। पुलिस महिला के पति और बच्चे से मिलने की कोशिश कर रही है।
टावर पर चढ़ने पर केस हो सकता है केस दर्ज
मोबाइल टावर, बिजली के टावर पर जान देने की मंशा से चढ़ने के मामले में पुलिस कई धाराओं में केस दर्ज कर सकती है। टावर पर चढ़ने पर आत्महत्या की कोशिश करने से लेकर, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, अशांति फैलाने, कानून-व्यवस्था को भंग करने जैसी कई धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है। पुलिस ऐसे कई मामलों में केस दर्ज कर चुकी है।
बेरोजगार युवक शादी की मांग को लेकर चढ़ा टावर वरना
पिछले साल ऐसे ही करनाल में शराब के नशे में एक युवक शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। लगभग 3 घंटे तक युवक टावर पर ही चढ़ा रहा और जल्द ही शादी करने की जिद करता रहा। उसका कहना था कि अगर उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूद जाएगा। लोगों ने उसे काफी समझाया कि तू शराब छोड़ दे और पैसे जमा कर फिर हम तेरी शादी करा देंगे। कई घंटों की मान-मनौव्वल के बाद युवक टावर से नीचे उतरा था।